बिलासपुर: सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक विवाद ने लोगों को हड़कंप में डाल दिया, जब अन्ना डोसा संचालक संजय तरण पुष्कर ने युवतियों को थप्पड़ मार दिया। मामला नेहरू चौक स्थित रतन लस्सी का है।
जानकारी के अनुसार, कुदुदंड में किराए से रहने वाली सुनंदा गेदले अपनी सहेली श्रेयांशी पाण्डेय के साथ सुबह नाश्ता करने होटल पहुंची थीं। पीछे से अन्ना डोसा संचालक संजय भी होटल में आया और जबरदस्ती उनके पास बैठने की कोशिश करने लगा।
श्रेयांशी ने शालीनता से उसे थोड़ा आगे बैठने को कहा, तो आरोपी गुस्से में आ गया और गाली-गलौच करने लगा। विरोध करने पर उसने सुनंदा के बाएं गाल पर जोर से थप्पड़ मारा। जब श्रेयांशी बीच-बचाव के लिए आई, तो उसने उनके गाल पर भी थप्पड़ जड़ दिया।
आसपास मौजूद लोगों के आने पर आरोपी वहां से भाग निकला। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
