सौम्या चौरसिया पर EOW की गिरफ्तारी का खतरा, हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर

रायपुर: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की डिप्टी सेक्रेटरी सौम्या चौरसिया को शराब घोटाले मामले में ED की गिरफ्तारी के बाद अब EOW की गिरफ्तारी का डर सताने लगा है। इसके चलते उन्होंने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। इस मामले की सुनवाई गुरुवार को होगी, क्योंकि शासन ने हाईकोर्ट को जवाब पेश करने के लिए समय मांगा है।

ED ने शराब घोटाले के केस में सौम्या चौरसिया को पहले ही गिरफ्तार किया था। इसके बाद EOW ने उन्हें प्रोडक्शन वारंट के तहत अपने सामने पेश करने के लिए आवेदन दायर किया। यह कदम सौम्या चौरसिया के लिए चिंता का कारण बन गया।

सौम्या के वकील हर्षवर्धन परगनिहा का कहना है कि ED की जांच राजनीतिक षड्यंत्र और सुनियोजित साजिश के तहत की गई है। उन्होंने दावा किया कि ढाई साल पुराने इस मामले में सौम्या का कोई लेना-देना नहीं है, फिर भी उन्हें परेशान करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, इस शराब घोटाले मामले की ट्रायल 13 जनवरी से शुरू हो रही है। ED ने EOW में एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें 3,200 करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले का उल्लेख है। ED की जांच में सामने आया कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में IAS अफसर अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के MD एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के सिंडिकेट के जरिए यह घोटाला किया गया।