प्यार का खेल या खून‑खराबे की साज़िश? बॉयफ्रेंड की फोटो देख उखड़े पिता, पिटाई के बाद मचा ऐसा बवाल कि कांप उठा इलाका

कोरबा: कोरबा जिले में बुधवार रात प्यार के एक मामूली मामले ने हिंसा और अफरातफरी का खौफनाक रूप ले लिया। नाबालिग गर्लफ्रेंड के मोबाइल में बॉयफ्रेंड की तस्वीर देखना उसके पिता को इस कदर नागवार गुज़रा कि मामला मारपीट, आत्महत्या की कोशिश और पत्थरबाजी तक पहुंच गया। इस सनसनीखेज घटना में 6 लोग घायल हो गए, जबकि पूरा इलाका देर रात तक दहशत में रहा। घटना मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, मानिकपुर इलाके में रहने वाला पिता पेशे से राजमिस्त्री है। बुधवार को उसकी नाबालिग बेटी अपने बॉयफ्रेंड का मोबाइल घर ले आई थी। जब पिता की नज़र मोबाइल पर पड़ी और उन्होंने स्क्रीन खोली, तो उसमें बॉयफ्रेंड की तस्वीर देख गुस्से से बेकाबू हो गए।

गुस्साए पिता ने पहले बेटी की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद उन्होंने नाबालिग बॉयफ्रेंड को फोन कर घर बुलाया और उसकी भी बेरहमी से पिटाई की। इस बीच लड़की मानसिक दबाव में इस कदर टूट गई कि उसने खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश कर डाली। हालांकि समय रहते परिजनों ने उसे बचा लिया।

इधर, जब इस पूरी घटना की जानकारी बॉयफ्रेंड के दोस्तों को मिली, तो वे उग्र हो उठे। करीब 6 से ज्यादा युवक लड़की के घर पहुंच गए और वहां जमकर तोड़फोड़ और पत्थरबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने‑सामने आ गए और इलाके में जमकर मारपीट हुई।

इस हिंसक झड़प में गर्लफ्रेंड के पिता और परिजनों समेत कुल 6 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि प्यार, गुस्सा और सामाजिक दबाव जब टकराते हैं, तो अंजाम कितना खतरनाक हो सकता है।