रायगढ़: जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जो सभी अलग-अलग प्लांट में काम करते थे। हादसों की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
पहला हादसा पुसौर थाना क्षेत्र में हुआ। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी 27 वर्षीय अखिलेश सिंह अपने एक साथी के साथ बाइक से चंद्रपुर से रायगढ़ जा रहे थे। बड़े भंडार के पास अचानक अखिलेश बाइक से गिर गए और उसी समय पीछे से आती तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार उनका साथी सुरक्षित रहा। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई और सूचना पुसौर पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दूसरा हादसा पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में हुआ। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे गेरवानी रोड पर नलवा प्लांट के पास बाइक पर सवार दो युवक गेरवानी से पूंजीपथरा की ओर जा रहे थे। रास्ते में वे एक डंपर को ओवरटेक कर रहे थे कि सामने से अचानक वाहन आ गया और उनकी बाइक डंपर की चपेट में आ गई। दोनों युवक डंपर के पहियों के नीचे दब गए और मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है, लेकिन आशंका है कि वे औरंगाबाद के रहने वाले थे और किसी प्लांट में काम करते थे। घटना के बाद डंपर चालक फरार हो गया।
पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिवारों को सूचित किया गया है।
