आधी रात की सख्ती! बिलासपुर में पुलिस पेट्रोलिंग से बदमाशों में खौफ, 12 गिरफ्तार

बिलासपुर: शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता को सुरक्षित माहौल देने के लिए बिलासपुर पुलिस ने रविवार रात विशेष सघन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 12 बदमाशों को पकड़कर सार्वजनिक रूप से सुधारात्मक कार्रवाई की और एक चाकू लेकर घूम रहे युवक को भी गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, शहर के गली-मोहल्लों और चौक-चौराहों पर अड्डेबाजी, नशाखोरी और ग्रुपबाजी करने वालों पर पुलिस ने कड़ी नजर रखी। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को कान पकड़कर उठक-बैठक कराई गई और कुछ को सार्वजनिक रूप से माफी भी दिलाई गई।

सिविल लाइन पुलिस ने मगरपारा इलाके में पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध युवक अरशद खान को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से बटनदार चाकू बरामद हुआ। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया।

सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि यह अभियान एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गुंडे-बदमाशों, नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

पुलिस की इस तेज़ कार्रवाई से शहर में असामाजिक तत्वों में खौफ व्याप्त है और स्थानीय लोग इसे स्वागत कर रहे हैं।