दुर्ग: जिले के धमधा थाना क्षेत्र में सगनी पुन्नी मेला से घर लौट रहे दो युवकों पर गांव के आउटर में 13 लोगों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों युवक घायल हो गए। घटना 3 जनवरी की शाम करीब 5:30 बजे हुई थी।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मेला देखकर अपने गांव लौट रहे थे। गांव पहुंचने से पहले वे आउटर में पेशाब करने रुके थे। इसी दौरान पहले से वहां खड़े कुछ युवकों ने आपत्ति जताई और विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने दोनों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक को छुट्टी दे दी गई, जबकि दूसरे की हालत भी अब सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 जनवरी को सभी 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें 11 बालिग और 2 नाबालिग शामिल हैं। नाबालिग आरोपियों को बाल न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए भेजा गया। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक नंदिनी थाना क्षेत्र के चार अलग-अलग गांवों के निवासी हैं और वे भी सगनी पुन्नी मेला देखकर लौट रहे थे। घटना ने एक बार फिर स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
