रायपुर: नए साल की शुरुआत के साथ ही रायपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। थाना उरला पुलिस ने कैलाश नगर झंडा चौक पर चाकू लहराकर लोगों को भयभीत कर रहे एक बदमाश को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से 14 इंच का धारदार चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर जोन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक (नगर) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में उरला थाना क्षेत्र में लगातार सघन पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 01 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक कैलाश नगर झंडा चौक पर सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैला रहा है।
सूचना मिलते ही उप निरीक्षक चंद्रवंशी के नेतृत्व में उरला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 14 इंच का चाकू बरामद हुआ, जिसे मौके पर पंचनामा तैयार कर विधिवत जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तोरण वर्मा पिता बुद्धेश्वर वर्मा (23 वर्ष), निवासी झंडा चौक, कैलाश नगर, बिरगांव के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 02/26, धारा 25 एवं 27 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से हथियार के स्रोत को लेकर भी पूछताछ कर रही है।
रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध हथियार, बदमाशी या किसी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
