नए साल की सुबह पुलिस का एक्शन, हीरानगर में शराब कोचिया धराया, 45 पाव जब्त

रायपुर: नए साल के पहले ही दिन रायपुर पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए हीरानगर सतनामी पारा अछोली से एक शराब कोचिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 45 पाव देशी मदिरा बरामद की गई है, जिसे वह अवैध रूप से बिक्री के लिए रखे हुए था।

पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक (नगर) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) के मार्गदर्शन में थाना उरला क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 01 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति हीरानगर इलाके में अवैध शराब का कारोबार कर रहा है।

सूचना मिलते ही थाना उरला पुलिस की टीम ने उप निरीक्षक तेज राम कंवर के नेतृत्व में मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से 45 पाव देशी मदिरा बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संतोष ढीढी पिता तुलाराम ढीढी (35 वर्ष), निवासी हीरानगर सतनामी पारा अछोली बताया।

पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर शराब जब्त की और आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 01/26, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध शराब की सप्लाई कहां से की जा रही थी।

उरला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

👉 अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है, नए साल में भी कार्रवाई जारी रहेगी।