तमनार में महिला आरक्षक पर बर्बर हमला, प्रदर्शनकारियों ने कपड़े फाड़कर की शर्मनाक हरकत, वीडियो वायरल

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के तमनार ब्लॉक में जिंदल उद्योग के कोल ब्लॉक के लिए हुई जनसुनवाई के विरोध में शुरू हुआ आंदोलन भयंकर रूप ले गया। 12 दिसंबर से जारी इस आंदोलन में 27 दिसंबर को सड़क पर हुई हिंसक झड़प के दौरान प्रदर्शनकारियों ने महिला आरक्षक समेत पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और एक महिला आरक्षक के कपड़े फाड़ दिए।

जानकारी के अनुसार, जिंदल उद्योग की जनसुनवाई को लेकर प्रस्तावित स्थल बदलने के बाद स्थानीय लोग विरोध में सड़कों पर उतर आए। अचानक हुए पथराव और आगजनी के बीच, पुलिस के एक एसडीओपी, तमनार थाना प्रभारी कमला पुसाम और एक महिला आरक्षक के साथ भी बदसलूकी हुई।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो:
अब इस घटना का एक शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रदर्शनकारी महिला आरक्षक के कपड़े फाड़ते हुए उसे अपमानित कर रहे हैं। महिला आरक्षक हाथ जोड़कर मदद की भीख मांगती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो को देखने के बाद प्रशासन और आम लोग दोनों ही इस बर्बरता पर नाराजगी जता रहे हैं।

हालांकि इस आंदोलन को जिला प्रशासन और स्थानीय नेताओं के बीच चर्चा के बाद फिलहाल समाप्त कर दिया गया है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस की चुप्पी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

20 सेकंड से अधिक का यह वीडियो पुलिस अधिकारियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।