सूरजपुर: नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ उसकी मदद करने वाले पास्टर और उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई प्रतापपुर थाना क्षेत्र में की गई।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी की नाबालिग बेटी क्रिसमस के अवसर पर पास्टर के घर गई थी। अगले दिन सुबह तक बेटी घर वापस नहीं आई, तब परिजनों ने आस-पास जानकारी जुटाई। इस दौरान राजेश कुमार विश्वकर्मा उर्फ खैरू ने खुद फोन कर कहा कि उसने बच्ची को अपने पास रखा है।
पुलिस जांच में पता चला कि इस अपहरण में पास्टर राम खिलावन और उनकी पत्नी सुनीता ने सक्रिय मदद की। उल्लेखनीय है कि राजेश कुमार पर इससे पहले भी नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला थाना राजपुर में दर्ज है।
इस मामले में पुलिस ने बीएनएस 2023 की धारा 137(2) और 3(5) के तहत आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया और मुख्य आरोपी राजेश कुमार, पास्टर राम खिलावन और उनकी पत्नी सुनीता को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत थाना या कंट्रोल रूम को दें।
