बिलासपुर: अपोलो अस्पताल बिलासपुर से एक बार फिर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि गर्भवती महिला के इलाज में देरी के कारण उसके गर्भ में ही नवजात की मौत हो गई। यह घटना 24 दिसंबर की बताई जा रही है। पीड़ित परिवार सदमे में है और अस्पताल प्रबंधन पर सवाल खड़े कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, विनोबा नगर निवासी पीहू अग्रवाल को प्रसव पीड़ा के चलते अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि महिला की हालत लगातार बिगड़ रही थी, लेकिन सिजेरियन ऑपरेशन समय पर नहीं किया गया, जिससे नवजात की मौत हो गई।
प्रशासन की प्रतिक्रिया:
घटना की गंभीरता को देखते हुए शासन ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की है। हालांकि, चार दिन बीतने के बावजूद जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है, जिससे पीड़ित परिवार में आक्रोश है। परिवार ने न्याय सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
