दोपहर में खूनखराबा! दुर्ग में चर्च के पास चाकूबाजी, छोटे भाई को बचाने दौड़े बड़े भाई पर जानलेवा हमला

दुर्ग: शहर के व्यस्त इलाके में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बस स्टैंड के सामने चर्च के पास दिनदहाड़े चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई। मामूली स्कूल विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें छोटे भाई को बचाने पहुंचे बड़े भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया।

मामला पद्मनापुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार दुर्ग खालसा स्कूल का छात्र यशवर्धन राजपूत का दूसरे स्कूल के छात्र से पहले विवाद हुआ था। इसी रंजिश में दूसरे स्कूल के छात्र ने करीब 10 लड़कों को बुलाकर यशवर्धन के साथ मारपीट की।

इस हमले की जानकारी यशवर्धन ने अपने बड़े भाई केशव राजपूत को दी। इसके बाद आरोपियों ने आपसी सुलह के बहाने दोनों भाइयों को चर्च के सामने बुलाया। लेकिन वहां पहुंचते ही हालात बिगड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बात बढ़ते ही आरोपियों ने पहले यशवर्धन पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। यह देख केशव राजपूत छोटे भाई को बचाने के लिए आगे आया, तभी आरोपियों ने उस पर चाकू से वार कर दिया और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पीटा

हमले में केशव राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

दिनदहाड़े चर्च जैसे संवेदनशील इलाके के पास हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

 सवाल यह है कि क्या अब स्कूल विवाद भी सड़कों पर खून बहाने लगे हैं?
 शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।