अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में बुधवार को जीएसटी विभाग ने एक बड़ी छापेमारी की। शहर के एमजी रोड स्थित नवीन इंजीनियरिंग संस्थान में सेंट्रल जीएसटी (CGST) टीम ने अचानक दबिश दी और लगातार 12 घंटे से अधिक समय तक दस्तावेजों, मशीनों और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच की। गुरुवार को भी यह कार्रवाई जारी रही, जिससे शहर के व्यापारिक वर्ग में हलचल मच गई।
सूत्रों के अनुसार, यह प्रतिष्ठान केवल भारी मशीनों का निर्माण ही नहीं करता, बल्कि सरकारी विभागों को उपकरण सप्लाई और “ज्वाय” ब्रांड की इलेक्ट्रिक बाइक भी बनाता है। कृषि उपकरणों के निर्माण और बिक्री में भी यह संस्थान सक्रिय भूमिका निभाता है।
जांच के दौरान यह संदेह है कि संस्थान ने वास्तविक उत्पादन लागत को कम दिखाकर टैक्स चोरी की है। CGST टीम ने बिल, वाउचर, लेखा दस्तावेज, कंप्यूटर हार्ड डिस्क और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए और डिजिटल रिकॉर्ड का बारीकी से मिलान किया। अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति को संस्थान के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
हालांकि अधिकारी इसे “सामान्य प्रक्रिया” बता रहे हैं, लेकिन शहर के व्यापारी और आम लोग इस कार्रवाई को टैक्स चोरी के संभावित बड़े खेल के रूप में देख रहे हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह टैक्स चोरी का मामला भारी राशि का हो सकता है।
बीते कुछ समय से अंबिकापुर और आसपास के क्षेत्रों में जीएसटी विभाग की लगातार कार्रवाई ने व्यापारियों में सतर्कता बढ़ा दी है। फिलहाल नवीन इंजीनियरिंग संस्थान में जांच दूसरे दिन भी जारी है और जब्त दस्तावेजों और रिकॉर्ड की विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
