अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसमें दो युवकों को चाकू की नोक पर अपहरण कर सुनसान इलाके में ले जाकर बेरहमी से पीटा गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक पार्षद का बेटा और दो नाबालिग शामिल हैं।
घटना मणिपुर थाना क्षेत्र में 15 दिसंबर की रात लगभग 9:30 बजे हुई। पीड़ित छात्र राहुल सोनवानी (22) और उसका साथी शुभम रवि मणिपुर बस स्टैंड पर खड़े थे, तभी आरोपियों ने उन्हें चाकू की नोक पर उठाया। सुनसान इलाके में ले जाकर आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी दी। मुक्कों, डंडों, ईंट-पत्थरों और चाकू से की गई मारपीट में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मणिपुर और साइबर सेल अंबिकापुर की संयुक्त टीम ने तुरंत जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना से आरोपियों की पहचान की गई। पूछताछ में सभी आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
-
विशाल साहू (27) – पार्षद का बेटा, पिता सूर्यप्रकाश साहू
-
राजा साहू उर्फ संजय (32)
-
उदय साहू (22)
-
रोशन सोनी (22)
-
आकाश यादव (20)
-
दो नाबालिग
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
स्थानीय लोग इस घटना को लेकर आक्रोशित हैं और कह रहे हैं कि यदि राजनीतिक रसूख रखने वाले लोग कानून को हाथ में लेने लगेंगे तो आम जनता की सुरक्षा पर बड़ा खतरा पैदा होगा। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कानून सबके लिए समान है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों पीड़ितों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
