CG BREAKING: सूरजपुर में बाघ की मौत का खुलासा – महिला सरपंच गिरफ्तार, हड़कंप मचा!

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बाघ की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने भैसामुंडा गांव की सरपंच सिस्का कुजूर (37) को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो बाघ के नाखून और बाल बरामद किए गए हैं, जो जांच में अहम सबूत माने जा रहे हैं। आरोपी को 15 दिन के न्यायिक रिमांड पर अंबिकापुर केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।

यह मामला सूरजपुर के गुरु घासीदास–तैमोर–पिंगला टाइगर रिजर्व के घुई वन परिक्षेत्र से जुड़ा है। सोमवार, 15 दिसंबर को मृत बाघ मिलने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सील कर जांच शुरू की। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बाघ के जबड़े और पीठ पर जलने के निशान पाए गए, जिससे यह पुष्टि हुई कि बाघ की मौत करंट लगने से हुई

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बाघ के नाखून और दांत गायब थे, जिससे अवैध अंग तस्करी की आशंका और गहरी हो गई। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए सरपंच सिस्का कुजूर को हिरासत में लिया। बरामद सामग्री को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।

सूरजपुर डीएफओ ने बताया कि यह गिरफ्तारी जांच का पहला चरण है और अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है। प्रदेशभर में वन्यजीव प्रेमियों और पर्यावरण संगठनों ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है।

इस मामले ने और गंभीर मोड़ लिया जब छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने मीडिया रिपोर्ट को जनहित याचिका के रूप में स्वीकार कर स्वतः संज्ञान लिया। हाईकोर्ट ने राज्य शासन और वन विभाग से वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था पर जवाब मांगा और निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस योजना पेश की जाए।

सूरजपुर में इस बाघ की मौत का मामला अब राज्यभर में चर्चा का विषय बन गया है। पहली गिरफ्तारी के बाद सबकी नजरें इस बात पर हैं कि जांच में और कौन-कौन से नाम सामने आएंगे और वन्यजीव संरक्षण के लिए सरकार और वन विभाग क्या ठोस कदम उठाएंगे।