सिडनी/हैदराबाद: सिडनी के बॉन्डी बीच पर 14 दिसंबर को हुए आतंकवादी हमले में 16 बेकसूर लोगों की मौत और 60 से अधिक घायल होने की घटना का भारतीय कनेक्शन सामने आया है। डीजीपी तेलंगाना के अनुसार, हमले में शामिल बाप-बेटे की जोड़ी में पिता साजिद अकरम मूल रूप से हैदराबाद का निवासी है।
साजिद अकरम ने 1998 में भारत छोड़कर ऑस्ट्रेलिया में स्थायी रूप से बसने से पहले यूरोपीय मूल की महिला वेनेरा ग्रोसो से शादी की। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें से बेटा नवीद अकरम इस हमले का मुख्य हमलावर है। डीजीपी ने बताया कि साजिद के पास अभी भी भारतीय पासपोर्ट है, जबकि उसके बच्चे ऑस्ट्रेलियाई नागरिक हैं।
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि साजिद और नवीद के कट्टरपंथी बनने का कोई संबंध भारत या तेलंगाना से नहीं है। भारत में रहते समय साजिद का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और ऑस्ट्रेलिया जाने के बाद उसने अपने परिवार से बहुत कम संपर्क रखा।
बॉन्डी बीच हमले के दौरान बाप-बेटे की जोड़ी ने करीब 20 मिनट तक फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पिता साजिद मारा गया जबकि बेटा नवीद घायल हुआ। इस घटना को आतंकी हमला करार दिया गया है और मामले की अंतरराष्ट्रीय जांच जारी है।
