लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मंगलवार का दिन सड़क हादसों के लिहाज से बेहद अमंगल साबित हुआ। कोहरे और तेज रफ्तार के कारण प्रदेश के कई जिलों में हादसे हुए, जिनमें 31 लोगों की मौत और 87 से अधिक लोग घायल हुए।
सबसे भीषण हादसा मथुरा में:
मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के 127 किलोमीटर माइलस्टोन पर मंगलवार तड़के कोहरे के कारण कई वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद सात बसों और तीन कारों में आग लग गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हुई, जबकि 70 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। भीषण आग में शवों की पहचान मुश्किल हो गई है और डीएनए परीक्षण के जरिए मृतकों की शिनाख्त की जाएगी।
अन्य जिलों में हादसे:
-
उन्नाव: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फॉर्च्यूनर कार के टायर फटने से दुर्घटना में चार की मौत। मृतकों में गाजियाबाद निवासी अशोक, आकाश और अभिनव अग्रवाल शामिल हैं।
-
बस्ती: ट्रक और बस की टक्कर में चार की मौत और 10 घायल। हादसा संतकबीर नगर से अजमेर शरीफ जा रही बस में हुआ।
-
बागपत: कोर्ट दबिश लौटते समय कार दुर्घटना में सिपाही राहुल और अजहरुद्दीन की मौत, तीन अन्य घायल।
-
बाराबंकी: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दो वाहन टकराने से दो की मौत और तीन घायल।
-
लखनऊ: लखनऊ-हरदोई रोड और महिगवा थाना क्षेत्र में दो सड़क हादसों में दो की मौत।
-
सोनभद्र: वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर अनियंत्रित कार से पिकअप टकराने पर शाखा प्रबंधक सत्य प्रकाश गुप्ता की मौत।
-
प्रतापगढ़: रानीगंज क्षेत्र में जेसीबी और बाइक की टक्कर में बबलू गौतम की मौत।
-
मीरजापुर: अदलहाट थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 80 वर्षीय बल्लू यादव की मौत।
-
नोएडा: सेक्टर 113 के सोरखा गांव में चलती कार में आग लगने से राजकुमार सिंघल (46) की जिंदा जलकर मौत।
