कोरबा: जिले के एसएलआरएम सेंटर (कचरा संग्रहण केंद्र) में जंगली सुअर के हमले से चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय चौकीदार बकरियों को खदेड़कर जंगल की ओर ले जा रहा था, तभी अचानक जंगली सुअर ने उस पर हमला कर दिया।
घायल चौकीदार की पहचान लोरिक लाल यादव (60 वर्ष), निवासी दर्री के नगोईखार श्यामनगर के रूप में हुई है। गंभीर चोटों के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
कटघोरा वनमंडल के डीएफओ कुमार निशांत के निर्देश पर वन विभाग के कर्मचारी तुरंत अस्पताल पहुंचे और घायल चौकीदार को आवश्यक सहायता राशि भी प्रदान की गई।
वन विभाग ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और ऐसे हादसों से बचाव के लिए कर्मचारियों को सावधानी बरतने का निर्देश दिया है।
