बीजापुर में आईईडी विस्फोट, सुरक्षा बल के दो जवान घायल

बीजापुर/रायपुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट की घटना हुई, जिसमें दो जवान घायल हो गए। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

बीजापुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, 14 दिसंबर को फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के पिल्लूर-कांडलापरती इलाके में डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा बल की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान पहले से लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया। विस्फोट में कोबरा बल के दो जवान मामूली रूप से घायल हुए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने घायल साथियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद दोनों जवानों को रायपुर भेजा गया, जहां उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि जख्मी जवानों की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।