दुर्ग: पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने रायपुर के कबीरनगर निवासी बंटी शाहा को गिरफ्तार किया है, जो गांजा बेचने और सप्लाई करने का मुख्य आरोपी था। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2 किलो गांजा और 55,200 रुपए कैश बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 10 दिसंबर को रायपुर नाका दुर्ग ओवरब्रिज के पास रेड कार्रवाई में तितुरडीह के रहने वाले सुमन पांडेय और मुकेश मिश्रा को गांजा बेचते हुए पकड़ा गया था। आरोपियों के कब्जे से 2.362 ग्राम गांजा और 2,070 रुपए नगद जब्त किए गए थे, जिसकी कीमत लगभग 1.18 लाख रुपए थी।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें पिछले एक साल से बंटी शाहा गांजा सप्लाई कर रहा था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। 14 दिसंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि बंटी रायपुर नाका रेलवे फाटक के पास ग्राहकों को गांजा सप्लाई करने आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी की स्कूटी की डिक्की से 2 किलो गांजा, 55,200 रुपए कैश, कीपैड मोबाइल और स्कूटी जब्त की गई। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।