रायपुर: खरोरा के समीप ग्राम बरतोरी स्थित विकास मेटालिक प्लांट में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम किरना निवासी गुलाब राम वर्मा (25 वर्ष) के रूप में हुई, जो प्लांट की लैब में कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, 13 दिसंबर को लैब में काम करते समय गुलाब राम को अचानक उल्टी हुई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजन पप्पू वर्मा का आरोप है कि लैब में रासायनिक पदार्थों के प्रभाव के कारण उनकी मृत्यु हुई। गुलाब राम अपने परिवार में इकलौता कमाने वाला सदस्य था, और उनके पिता मानसिक रूप से पीड़ित हैं। उनके साथ घर पर बहन और दादा-दादी भी रहते हैं।
घटना के बाद, मृतक के परिजन और सैकड़ों ग्रामीण कंपनी के गेट के सामने शव रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कड़ाके की ठंड में रातभर खुले आसमान के नीचे धरना दिया और कंपनी से उचित मुआवजे की मांग की।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रण स्थापित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
