बिलासपुर–शिवरीनारायण मार्ग पर हुआ भीषण हादसा
जांजगीर-चांपा: जिले में तेज रफ्तार ने एक बार फिर एक जिंदगी छीन ली। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बिलासपुर–शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर ट्रक और बाइक की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान डूमरपाली निवासी विनोद जांगड़े के रूप में की गई है। यह घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र में हुई।
टक्कर के बाद ट्रक के पहिए तले दबा बाइक सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक (क्रमांक CG 12C 1295) ने तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक विनोद जांगड़े ट्रक के आगे गिर पड़े और पहिए के नीचे आ गए। इससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पामगढ़ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई है।
