फ्लैक्स लगाने के दौरान बड़ा हादसा…. हाईटेंशन तार की चपेट में आए दो युवक, हालत गंभीर….

रायगढ़: जूटमिल थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब दुकान के ऊपर फ्लैक्स लगाने का काम कर रहे दो युवक 11 केवी हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसे के बाद उन्हें तुरंत रायगढ़ से रायपुर रेफर किया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

घटना छातामुड़ा कबीर चौक क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक रोहन सिंह (30) और उसका चचेरा भाई दीपक सिंह (22) ट्रांसपोर्ट नगर के पास ‘महादेव मोटर्स’ नाम से दुकान चलाते हैं। गुरुवार (11 दिसंबर) की शाम दोनों दुकान के ऊपर फ्लैक्स लगा रहे थे।

इसी दौरान रोहन का हाथ अचानक दुकान के ठीक ऊपर से गुजर रहे 11 केवी हाईटेंशन तार से छू गया। रोहन को करंट लगते ही दीपक उसे बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही दोनों युवक नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूत्रों के अनुसार दोनों के चेहरे और हाथ बुरी तरह झुलस गए हैं और वे करीब 30 से 40 प्रतिशत तक जल चुके हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है।