BSP में गैस रिसाव से लगी आग…… कुछ ही सेकंड में उठीं लपटें, दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा….

दुर्ग: भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन नंबर-2 (PBS-2) में अचानक गैस का तेज रिसाव हुआ और देखते ही देखते आग की बड़ी लपटें उठने लगीं। घटना ICL के सामने पाइपलाइन में हुई, जहां गैस रिसते ही कुछ ही क्षणों में आग भड़क उठी।

सूचना मिलते ही बीएसपी के दमकल कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। आग लगने के कारण आसपास के यूनिटों को सतर्क कर दिया गया, क्योंकि यह ब्लोइंग स्टेशन सीधे कोकोवन से जुड़ा हुआ है। यहां से मिलने वाली ब्लोइंग गैस से प्लांट के अन्य विभागों की कई मशीनें संचालित होती हैं, इसलिए गैस लीकेज से कई यूनिटों पर असर पड़ने की आशंका बनी रही।

हालांकि बड़ी राहत यह रही कि घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। संयंत्र प्रबंधन ने गैस रिसाव और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।