बिलासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: PSC की तैयारी कर रहे दो छात्रों की मौत

 तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी, चार छात्र गंभीर रूप से घायल

बिलासपुर: न्यायधानी में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने युवा छात्रों के सपनों को मात दे दी। कोनी–सेंदरी मार्ग पर रतनपुर रोड की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें पीएससी की तैयारी कर रहे दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र के खरकेना निवासी ईशु रत्नाकर (26 वर्ष) बिलासपुर में रहकर पीएससी की तैयारी कर रहा था। रविवार रात वह अपने दोस्तों भास्कर राजपूत (22 वर्ष, निवासी जैतपुरी बेमेतरा), अभिषेक बघेल, शेखर चंद्रवंशी, दिशु रत्नाकर और श्याम सिंह राजपूत के साथ कार (OD 15 M 4400) से रतनपुर रोड की ओर खाना खाने जा रहा था।

तुर्काडीह चौक के आगे अचानक कार अनियंत्रित हो गई और पलटते हुए सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चला रहे ईशु रत्नाकर और उसके साथी भास्कर राजपूत की वहीं मौत हो गई। अन्य चार साथी गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है।

स्थानीय लोगों ने तुरंत कोनी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थल निरीक्षण कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।