मैनपाट 5 डिग्री के साथ सबसे ठंडा, रायपुर-दुर्ग सहित कई संभागों के लिए अलर्ट जारी
रायपुर: प्रदेश में ठंड लगातार अपना जोर दिखा रही है। उत्तर में आने वाली बर्फीली हवाओं के असर से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तापमान तेजी से गिरा है। राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 8 दिसंबर को मैनपाट राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रायपुर में लगातार दूसरे दिन पारा 12 डिग्री पर बना रहा।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि 10 दिसंबर तक सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। तापमान में लगातार गिरावट से मैदानी और पहाड़ी दोनों ही इलाकों में रातें काफी सर्द हो गई हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
सुबह के समय पहाड़ी इलाकों में घना कोहरा छा रहा है, जिससे दृश्यता भी कम हो रही है।
कई शहरों के तापमान इस प्रकार दर्ज किए गए:
माना: 8 डिग्री सेल्सियस
रायपुर: 12 डिग्री
बिलासपुर: 10.6 डिग्री
पेंड्रारोड: 9.8 डिग्री
अंबिकापुर: 5 डिग्री
जगदलपुर: 10.6 डिग्री
दुर्ग: 10.4 डिग्री
राजनांदगांव: 9.5 डिग्री
मौसम विभाग ने नागरिकों को सावधानी बरतने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी है।