बस्तर में सर्व आदिवासी समाज का बंद

 पूर्व जिला अध्यक्ष जीवन ठाकुर की संदिग्ध मौत पर रोष, व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद

बस्तर/कांकेर: सर्व आदिवासी समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष और कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर की संदिग्ध मौत के बाद आदिवासी समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी के विरोध में आज बस्तर संभाग में सर्व आदिवासी समाज ने बंद का आह्वान किया है। बंद को बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी समर्थन दिया है।

जगदलपुर, दंतेवाड़ा समेत पूरे बस्तर क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। सड़कों पर आम दिनों की तुलना में कम आवाजाही देखी गई और कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई।

मामला छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले का है, जहां सर्व आदिवासी समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष जीवन ठाकुर की 4 दिसंबर को रायपुर सेंट्रल जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। फर्जी वन पट्टा मामले में कांकेर पुलिस ने उन्हें 12 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था और 2 दिसंबर को रायपुर सेंट्रल जेल शिफ्ट कर दिया गया था।

परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जीवन ठाकुर को बिना जानकारी दिए रायपुर जेल भेजा गया और दो दिन बाद उनकी मृत्यु हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 8 बजे सुबह उनका निधन हो गया। 6 दिसंबर को उनके गृह गांव में अंतिम संस्कार किया गया।

घटना के बाद आदिवासी समाज न्यायिक जांच की मांग कर रहा है और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं।