लोहे की पाइप से की गई थी वारदात, दो आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर: जिले में पूर्व उप सरपंच सूर्यप्रकाश बघेल की हत्या के अंधे मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुरानी रंजिश के चलते की गई इस वारदात में दो आरोपियों रंजीत खाण्डे और सुधीर खाण्डे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लोहे की पाइप, लकड़ी का बेंत और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
5 दिसंबर को भैंसाझार के जंगल में सूर्यप्रकाश की खून से लथपथ लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। परिजन 4 दिसंबर को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा चुके थे। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानकर पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि तीन महीने पहले हुए विवाद के चलते वे गांव से अलग रहने लगे थे और बदला लेने के लिए उन्होंने लोहे की पाइप और बेंत से वारकर सूर्यप्रकाश को मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
