रायपुर: प्रदेशभर में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि माना का तापमान 11 डिग्री के करीब रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 8.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 30 नवंबर से अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है। वहीं चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी श्रीलंका के ऊपर सक्रिय है। इसके रविवार सुबह तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्रप्रदेश के तटों के पास पहुंचने की संभावना जताई गई है।
बस्तर में हो सकती है हल्की बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। आगामी दो दिनों तक भी इसी तरह की स्थिति बने रहने के आसार हैं।
वहीं राजधानी रायपुर में आज आकाश साफ रहने की संभावना है। तापमान 28 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 13 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम रहने का अनुमान है।
