रायपुर: नवा रायपुर स्थित IIM में चल रहा 60वां अखिल भारतीय DGP-IG कॉन्फ्रेंस आज तीसरे और अंतिम दिन में प्रवेश कर गया है। सुबह 8 बजे से शुरू हुई बैठक में पहले उन राज्यों को प्रेजेंटेशन देने का अवसर दिया जाएगा, जो अब तक अपनी रिपोर्ट पेश नहीं कर पाए थे। इन प्रेजेंटेशन्स के आधार पर प्रमुख मुद्दों की समीक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।
दूसरे सत्र में गाइडलाइन तैयार करने की प्रक्रिया पर मुख्य फोकस रहेगा। राज्यों से मिले इनपुट, सुरक्षा एजेंसियों की जरूरतों और पिछली सिफारिशों को ध्यान में रखते हुए अंतिम गाइडलाइन का ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा। इसी दौरान ‘मॉडल स्टेट’ का चयन भी किया जाएगा, जिसकी सफल प्रैक्टिस को पूरे देश में लागू करने पर विचार किया जाएगा।
दोनों सत्रों के पूरा होने के बाद कॉन्फ्रेंस के औपचारिक समापन की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल के सदस्य और संगठन के नेता मुलाकात करेंगे। मुलाकात के उपरांत पीएम मोदी दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
दूसरे दिन 13 घंटे की मैराथन बैठक
कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन शनिवार को 13 घंटे लंबी मैराथन बैठक हुई, जिसकी कमान स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संभाली। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सहित देशभर की पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा—
“रायपुर में DGP/IGP कॉन्फ्रेंस में सिक्योरिटी सिस्टम के अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा हुई। यह इस फील्ड में बेस्ट प्रैक्टिस और इनोवेशन साझा करने के लिए एक शानदार फोरम है।”
