परीक्षा केंद्र 5 किमी दायरे में बनाने के निर्देश, ग्राउंड फ्लोर पर ही होंगे परीक्षा कक्ष
रायपुर: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने आगामी 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंडल ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश भेजते हुए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
5 किमी के भीतर ही बनेंगे परीक्षा केंद्र
माशिमं ने कहा है कि परीक्षा केंद्र अधिकतम 5 किलोमीटर के दायरे में ही बनाए जाएं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सुबह की परीक्षा में पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसलिए यह व्यवस्था अनिवार्य की गई है।
ग्राउंड फ्लोर पर होंगे परीक्षा कक्ष
मंडल ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई स्कूल दो या तीन मंजिला है, तो 10वीं और 12वीं के परीक्षार्थियों को केवल ग्राउंड फ्लोर पर ही परीक्षा कक्ष आवंटित किए जाएं। जिला अधिकारियों को इन निर्देशों के कड़ाई से अनुपालन का आदेश दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारियों से विस्तृत ब्यौरा मांगा
डीईओ को निर्देश दिया गया है कि वे बोर्ड परीक्षा में बैठने वाले विद्यार्थियों की संख्या, ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों की दूरी और उपलब्ध संसाधनों का पूरा विवरण माशिमं को तत्काल भेजें।
आवश्यक सुविधाओं पर विशेष जोर
परीक्षा केंद्रों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसमें बालक और बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश शामिल हैं।
मंडल ने कहा है कि सभी तैयारियां समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि विद्यार्थियों को सुचारू और सुरक्षित परीक्षा वातावरण मिल सके।
