राजवाड़े दंपति की मौत पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने व्यक्त किया गहरा दुख

जंगली हाथी के हमले में दंपति की मौत, पीड़ित परिवार को मिलेगी सहायता

भटगांव: भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिसाही पोंडी नवा पारा मुरा डाड में जंगली हाथी के हमले में राजवाड़े दंपति की मौत की घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। इस दर्दनाक हादसे पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

मंत्री ने कहा—
“स्व. कविलास राजवाड़े और उनकी धर्मपत्नी स्व. धनियारो राजवाड़े के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है। मैं शोक की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ी हूं।”

उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि उन्हें त्वरित राहत मिल सके।

मंत्री राजवाड़े ने ईश्वर से दिवंगत दंपति की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।