धमतरी: जिले में मिल रहे राष्ट्रीय पुरस्कारों और उपलब्धियों को देखते हुए डिस्ट्रिक्ट मीडिया क्लब धमतरी के पदाधिकारियों ने आज कलेक्टर अबिनाश मिश्रा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
प्रशस्ति पत्र में कहा गया कि कलेक्टर मिश्रा के अथक प्रयास, समर्पण और दूरदर्शिता के कारण धमतरी जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ी है। विशेष रूप से जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की गई और उल्लेख किया गया कि उनके प्रयासों से जिले में भू-जल स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
महानदी प्रवाह क्षेत्र के पुनरुद्धार के तहत 5000 नारियल पौधों का रोपण और 600 घंटे के श्रमदान से महानदी संरक्षण में उनके योगदान को अत्यंत प्रेरणादायक बताया गया। इन्हीं प्रयासों के कारण भारत सरकार के जल संसाधन विभाग द्वारा धमतरी जिले को जल संचय जनभागीदारी 1.0 राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री जनमन योजना के उत्कृष्ट और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भी जिले को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ।
मीडिया क्लब ने कलेक्टर मिश्रा के नेतृत्व में जिले की निरंतर प्रगति के लिए कोटिशः बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर क्लब के संरक्षक एम. ए. फहीम, अध्यक्ष प्रेम कुमार मगेंद्र, उपाध्यक्ष नरेश राखेचा, महासचिव आशीष मिन्नी, कोषाध्यक्ष राजेश रायचुरा, मीडिया प्रभारी संजय जैन, सचिव डॉ. भूपेंद्र साहू और आशीष बंगानी उपस्थित रहे।
