रायपुर: प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर राजधानी में जारी हाई अलर्ट के बावजूद शुक्रवार देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र में एक चाकूबाजी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
जानकारी के अनुसार, युवती के साथ हुई छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसका भाई रौनक तांडी पर आरोपियों ने ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना रात करीब 10 बजे हुई। रौनक अपनी बहन के साथ घर के पास किसी काम से निकला था, तभी क्षेत्र के ही हर्ष सोनी, नवीन सोनी, रैंबो सैंदरे और ईशान दीप ने युवती से अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर रौनक पर चाकू से हमला किया गया।
हमले में रौनक के हाथ, सीने और पीठ पर कई गहरे घाव आए हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।
घटना के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर हत्या के प्रयास, छेड़छाड़ और अन्य धाराओं के तहत आरोपीयों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चारों आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हाई अलर्ट के बावजूद हुई यह वारदात राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर समीक्षा की आवश्यकता को उजागर करती है।