नवा रायपुर में डीजीपी–आईजी कॉन्फ्रेंस शुरू
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, एनएसए अजीत डोभाल और देशभर के सुरक्षा एजेंसियों के मुखिया शामिल; नक्सल ऑपरेशन से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीतियों पर होगी चर्चा
रायपुर। नवा रायपुर स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) में शुक्रवार दोपहर बाद डीजीपी–आईजी कॉन्फ्रेंस की शुरुआत हुई। कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह देर रात रायपुर पहुंचे और सीधे नवा रायपुर के लिए रवाना हुए। कॉन्फ्रेंस में आने से पहले सुबह शाह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस की औपचारिक शुरुआत
आईआईएम हॉल में आज से तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस शुरू हुई। इसमें शामिल होने एनएसए अजीत डोभाल और रॉ प्रमुख पराग जैन सुबह ही पहुंचे। इसके अलावा देशभर के सभी राज्यों के डीजीपी और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के मुखिया गुरुवार को ही रायपुर पहुंच गए थे।
आज सुबह नाश्ते के बाद सभी अधिकारी करीब 11 बजे कॉन्फ्रेंस हॉल में जुटे।
कॉन्फ्रेंस में आईबी चीफ तपन डेका, आईटीबीपी, सीआरपीएफ और सीबीआई के प्रमुख भी उपस्थित रहे। औपचारिक शुरुआत से पहले एनएसए डोभाल और आईबी प्रमुख डेका ने राज्यों के डीजीपी और अन्य अधिकारियों से परिचर्चा की।
छत्तीसगढ़ के अफसर भी मौजूद
छत्तीसगढ़ से डीजीपी अरुण देव गौतम, सरगुजा आईजी दीपक झा और बीजापुर बटालियन के कमांडेंट मयंक गुर्जर कॉन्फ्रेंस में हिस्सा ले रहे हैं। दोपहर बाद गृह मंत्री शाह कॉन्फ्रेंस स्थल पहुंचकर सुरक्षा से जुड़े प्रस्तुतिकरणों की समीक्षा करेंगे।
कांफ्रेंस से पहले शाह ने सीएम विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के साथ नक्सल ऑपरेशन से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। शाह, वित्त मंत्री ओपी चौधरी को आवंटित नवा रायपुर के सरकारी आवास में ठहरे हुए हैं।
नक्सल ऑपरेशन और उपलब्धियों की समीक्षा
आईटीबीपी चीफ प्रवीण कुमार ने हाल ही में राजनांदगांव जिले के नक्सल प्रभावित मदनवाड़ा का दौरा भी किया था। आईटीबीपी और सीआरपीएफ प्रमुख अब तक के नक्सल ऑपरेशन और रणनीतियों पर अपना प्रेजेंटेशन पेश करेंगे।
श्रेष्ठ थाना और श्रेष्ठ थाना प्रभारी होंगे सम्मानित
आज देश के तीन सर्वश्रेष्ठ थाना प्रभारी और 10 सर्वश्रेष्ठ थानों की घोषणा भी की जाएगी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पुरस्कार वितरित करेंगे।
पीएम मोदी भी पहुंचेंगे रायपुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 7:30 बजे रायपुर पहुंचेंगे और सीधे नवा रायपुर जाएंगे। वे स्पीकर हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे तथा शनिवार सुबह कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे।
कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य
इस राष्ट्रीय स्तर की कांफ्रेंस का उद्देश्य पुलिस बलों के सामने आने वाली प्रमुख चुनौतियों से निपटने में हुई प्रगति की समीक्षा करना और ‘विकसित भारत’ के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप ‘सुरक्षित भारत’ का विज़न तैयार करना है।
