कारोबारी के घर में बड़ी चोरी का खुलासा: पूर्व कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, 3 लाख नगद समेत सोने-चांदी के जेवर बरामद, दो आरोपी अब भी फरार
जांजगीर-चांपा। अकलतरा क्षेत्र में हुई सिलसिलेवार चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अकलतरा थाना और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में कस्तूरी ट्रेडर्स में हुई बड़ी चोरी के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से लगभग 3 लाख रुपये नगद, सोने-चांदी के जेवरात, 28 चांदी के सिक्के, दो मोटरसाइकिल और एक ऑटो बरामद हुआ है। मामले के दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
शादी में गए थे घर वाले, लौटे तो टूटा मिला ताला
23 नवंबर को प्रार्थी अर्चित अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 नवंबर को वह परिवार सहित खरसिया शादी में गए थे। लौटने पर घर का ताला टूटा हुआ मिला, सीसीटीवी डीवीआर की हार्डडिस्क गायब थी और घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। नकदी, जेवरात और चांदी के सिक्के चोरी हो चुके थे। मामले में धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से मिली कड़ियां
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। फॉरेंसिक टीम, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच आगे बढ़ी। शहर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद संजय नगर निवासी अफरोज खान और किशन कश्यप पर शक गहरा हुआ। हिरासत में लेने पर आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पूर्व कर्मचारी ने ही रची थी पूरी साजिश
पूछताछ में अफरोज ने बताया कि 21-22 नवंबर की रात वह अपने साथी अनिल साहू और किशन कश्यप के साथ चोरी करने गया था।
किशन पहले कस्तूरी ट्रेडर्स में काम कर चुका था और दुकान तथा घर की पूरी जानकारी रखता था। तीनों ने मिलकर दुकान की ग्रिल का ताला तोड़ा, सीसीटीवी की हार्डडिस्क निकाल ली और ऊपर स्थित कमरे की अलमारी तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के जेवर और सिक्के बैग में भरकर ले गए।
ब्लैकमेल शुरू, फिर चोरों ने ही बांट ली चोरी की रकम
चोरी का फुटेज वायरल होने के बाद संजय नगर के राजेश रगड़े उर्फ दादा, राजेश सिदार और सुभाष रगड़े उर्फ बाबू ने फुटेज देखकर अफरोज को बुलाया और उसे ब्लैकमेल करने लगे। उन्होंने धमकी दी कि चोरी में उसका नाम सामने लाएंगे, इसलिए रकम व जेवरात में हिस्सा दिया जाए।
इसके बाद अफरोज ने बिलासपुर में रकम बांटने की योजना बनाई और विभिन्न आरोपियों के लिए राशि अलग कर दी—
-
किशन कश्यप : ₹1,00,000
-
राजेश रगड़े उर्फ दादा : ₹50,000
-
सुभाष रगड़े उर्फ बाबू : ₹20,000
-
राजेश सिदार : ₹82,000
अफरोज खान बाकी जेवर, चांदी के सिक्के और नकदी एक नीले बैग में लेकर लौटा। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ₹2,11,000 नगद, 27 चांदी के सिक्के, सोने-चांदी की ज्वेलरी, ऑटो सहित घटना में प्रयुक्त सामान जब्त कर लिया।
राजेश रगड़े उर्फ दादा से ₹50,000 और उसकी मोटरसाइकिल, तथा सुभाष रगड़े उर्फ बाबू से ₹20,000 भी बरामद किए गए।
पुलिस अब फरार दो आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
