जनजातीय संस्कृति, आस्था और गौरव के संरक्षण में नया अध्याय
अंबिकापुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अंबिकापुर में मुख्यमंत्री जनजातीय ग्राम अखरा विकास योजना का शुभारंभ कर छत्तीसगढ़ के जनजातीय समाज के गौरव, स्वाभिमान और सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रखा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रपति की यह गरिमामयी उपस्थिति सरकार के सुशासन और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के संकल्प को और मजबूत करती है।
इस योजना के तहत जनजाति बहुल ग्रामों में ‘अखरा’ का विकास किया जाएगा, जो पीढ़ियों से जनजातीय आस्था और परंपरा का केंद्र रहा है। इसका उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और स्वाभिमान को संरक्षित और संवर्धित करना है।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन ने भी कहा कि राष्ट्रपति मुर्मु की उपस्थिति ने पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं ने जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए नए आत्मविश्वास और दिशा प्रदान की है। इस योजना और कार्यक्रम से छत्तीसगढ़ के जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं और गौरवशाली विरासत को और मजबूती मिलेगी।
