शाला में मद्यपान और जिम्मेदारी की उपेक्षा पर प्रशासन ने जताया सख्त रुख
बलौदाबाजार। विकासखंड सिमगा के शासकीय प्राथमिक स्कूलों में अनुशासनहीनता और जिम्मेदारी की अनदेखी पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रधानपाठक उमेश कुमार वर्मा और दो सहायक शिक्षकों संदीप कुमार साहू व मिथलेश कुमार वर्मा को निलंबित कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, मोटियारीडीह स्कूल में पदस्थ प्रधानपाठक और सहायक शिक्षक संदीप कुमार साहू शाला में मद्यपान कर आए और निर्धारित समय पर अनुपस्थित पाए गए। वहीं, दर्रीपारा केसदा स्कूल में सहायक शिक्षक मिथलेश कुमार वर्मा को निर्वाचन कार्य में BLO की ड्यूटी दी गई थी, लेकिन उन्होंने जिम्मेदारीपूर्वक कर्तव्य का निर्वहन नहीं किया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने इन कार्यों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 9 के विपरीत मानते हुए, तीनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कसडोल और पलारी निर्धारित किया गया है। निलंबन के दौरान नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता बनी रहेगी।
यह कार्रवाई शाला अनुशासन और शिक्षा क्षेत्र में जिम्मेदारी की अनदेखी पर प्रशासन के सख्त रवैये को दर्शाती है।
