सुकमा। छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर मंगलवार और बुधवार की सुबह लगातार मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। मंगलवार की सुबह पूवर्ती सुकमा के रहने वाले माओवादियों के सीसी मेंबर माड़वी हिड़मा और उनकी पत्नी राजे समेत कुल छह नक्सलियों को ढेर किया गया। यह नक्सल उन्मूलन अभियान में इस साल की दूसरी बड़ी सफलता मानी जा रही है।
बुधवार को उसी इलाके में हुई ताजा मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने फिर बड़ी कार्रवाई की। इस एनकाउंटर में कुल 7 नक्सली मारे गए, जिनमें प्रमुख नक्सली नेता जोगा उर्फ टेक शंकर भी शामिल हैं। मारे गए नक्सलियों में 4 पुरुष और 3 महिला माओवादी शामिल हैं।
सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के बाद तलाशी अभियान में 2 एके-47 राइफल समेत 8 हथियार बरामद किए हैं। इससे पहले मई में ही सुरक्षाबलों ने छत्तीसगढ़ में माओवादियों के पूर्व महासचिव नम्बाला केशव उर्फ बसवा राजू को ढेर किया था।
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि लगातार हुई इन सफलताओं से नक्सलियों की कमर तोड़ी गई है और नक्सल उन्मूलन अभियान को और गति मिली है।
