कोण्डागांव में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो की ट्रक से टक्कर, 5 की मौत

कोण्डागांव। नेशनल हाईवे-30 पर फरसगांव के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में स्कॉर्पियो में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तुरंत जगदलपुर रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में कुल 12 लोग सवार थे, जो कोंडागांव से अपने गृह ग्राम बड़ा डोंगर (भैंसाबेड़ा) लौट रहे थे। हादसा कोंडागांव सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के मसौरा टोल प्लाज़ा के पास हुआ।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव दल ने तुरंत सभी घायलों को बाहर निकाला। मृतक सभी फरसगांव क्षेत्र के बड़ा डोंगर, भैंसाबेड़ा निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।