मेयर की बेटी पर दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप, फॉर्च्यूनर कार के लिए ससुराल वालों ने की मारपीट

दुर्ग। रिसाली निगम की महापौर शशि सिन्हा की बेटी अल्का साहसी (27) ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि उनकी शादी को केवल 9 महीने हुए हैं, लेकिन ससुराल वाले फॉर्च्यूनर कार और अन्य महंगे सामान की मांग कर उन्हें परेशान कर रहे हैं।

अल्का के अनुसार, शादी के समय उनके माता-पिता से कहा गया था कि महापौर की बेटी होने के नाते उन्हें फॉर्च्यूनर कार देनी चाहिए, वरना लड़की को ससुराल नहीं लिया जाएगा। शादी में उनके माता-पिता ने टीवी, फ्रिज, एसी, वॉशिंग मशीन, सोने-चांदी के जेवर और नकद राशि समेत कुल 3 लाख रुपए का सामान दिया था।

शादी के तीसरे ही दिन पति चित्रांश साहसी उन्हें जगदलपुर के विभागीय आवास नगरनार ले गए, जहां से प्रताड़ना शुरू हुई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति उनके हाथ का खाना नहीं खाते थे, खाना बनाने पर अपमानित करते थे, घरवालों से बात करने नहीं देते थे और छोटी-छोटी बात पर गाली-गलौज व मारपीट करते थे। उन्होंने कहा कि कई बार उन्हें छत से धक्का देकर जान से मारने की धमकी भी दी गई और उन्हें ‘डायन’ कहकर ताने मारे गए।

भिलाई सेक्टर-6 की महिला पुलिस ने शिकायत के बाद पति, सास-ससुर सहित 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।