रायपुर में इस साल ठंड ज्यादा, कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी

रायपुर। प्रदेश में उत्तर की ठंडी हवाओं का असर बढ़ रहा है और राजधानी रायपुर में सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, लगभग तीन साल बाद रायपुर में सबसे कम तापमान दर्ज हुआ है। अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है, उसके बाद 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में कुछ क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति बन सकती है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 30.8°C और सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7°C दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में शीतलहर की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में आज आकाश साफ रहेगा और तापमान 13 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।