एनडीपीएस कार्रवाई में अवैध कमाई से खरीदी गई संपत्तियों पर कोर्ट ने लगाया ठप्पा
बिलासपुर। सकरी और सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत चल रही कार्रवाई में तीन गांजा तस्करों की 1.50 करोड़ रुपए मूल्य की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है। जांच में सामने आया कि एक आरोपी ने अपनी पत्नी और प्रेमिका के नाम से आलीशान मकान और जमीन खरीदी थी।
पुलिस ने आरोपियों की संपत्ति जब्त कर मुंबई के सफेमा कोर्ट में प्रस्तुत की थी। कोर्ट ने जांच और दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद तय किया कि यह संपत्ति नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई है। इसके बाद कोर्ट ने कुल 1.50 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज करने का आदेश दिया।
एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत कार्रवाई में सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के आरोपी अजय चक्रवर्ती की 1.20 करोड़ रुपए की दो आलीशान मकान और सकरी थाना क्षेत्र की क्रांति पांडे एवं दीपक गंडा की 15 लाख का मकान और 21 लाख का प्लाट शामिल थे। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध मादक पदार्थ के कारोबार पर नियंत्रण के लिए अहम कदम है।
