सरगुजा में फिर पकड़ा गया नशे का सौदागर, आबकारी उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई

भगवानपुर खुर्द निवासी अनीश तिग्गा के कब्जे से 84 नशीले इंजेक्शन जब्त, जेल भेजा गया आरोपी

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने नशे के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने सोमवार को भगवानपुर खुर्द इलाके में दबिश देकर एक नशीले इंजेक्शन सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 42 नग Rexogesic Injection और 42 नग Avil Injection बरामद किए गए।

जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2025 को आबकारी उड़नदस्ता कार्यालय अंबिकापुर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भगवानपुर खुर्द तालाब के पास काले कपड़े पहने एक युवक इंजेक्शन सप्लाई के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।

संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसकी पहचान अनीश तिग्गा (निवासी भगवानपुर खुर्द) के रूप में हुई। उसके पास रखे थैले से नशीले इंजेक्शन की भारी मात्रा में खेप बरामद की गई। आरोपी को NDPS Act की धारा 22(C) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय अंबिकापुर में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई से इलाके के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
उड़नदस्ता टीम में आबकारी उपनिरीक्षक तेजराम केहरीमुख्य आरक्षक कुमारु राम, रमेश दुबे, अशोक सोनीनगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, तथा महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और अंजू एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।