बिग ब्रेकिंग: सरगुजा में सनसनीखेज खुलासा: प्रेम प्रसंग में प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, महीनों बाद नाले के पास दफन मिली लाश

कड़ाई से पूछताछ में टूटा आरोपी, पुलिस ने बरामद किया नरकंकाल — सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता

अंबिकापुर। सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके शव को नाले के किनारे दफना दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद इस हत्या का खुलासा हुआ।

जानकारी के मुताबिक, मृतका अंबिकापुर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। कुछ माह पहले से उसका प्रेमी से विवाद चल रहा था। आरोपी ने प्रेमिका को मिलने के बहाने बतौली थाना क्षेत्र के चिरगा नाला के पास बुलाया और वहीं उसकी हत्या कर शव को दफना दिया।

बाद में जब युवती घर नहीं लौटी तो परिजनों ने गांधीनगर थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस लंबे समय से इस केस की जांच कर रही थी।

सोमवार को गांधीनगर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया और प्रेमिका की हत्या कर शव को नाले के पास दफनाने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नरकंकाल बरामद किया है।

फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। सरगुजा पुलिस ने इसे बड़ी सफलता बताया है।