अंबिकापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : वैश्यावृत्ति का संचालन करने वाली महिला गिरफ्तार, घर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार
अंबिकापुर (जिला सरगुजा)। नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में अंबिकापुर पुलिस ने शहर में अनैतिक देह व्यापार का संचालन करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला घर की आड़ में युवतियों से वैश्यावृत्ति कराकर अवैध रूप से आय अर्जित कर रही थी। पुलिस ने मौके से 2000 रुपए नकद, डायरी, उपयोग किए गए व नए पैकेट में बंद निरोध बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंबिकापुर शहर में एक घर के भीतर देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है। सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तत्काल रेड की कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस को घर के बाहर एक संदिग्ध महिला मिली। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह युवकों से संपर्क कर युवतियों को अनैतिक कृत्य के लिए उपलब्ध कराती है और इसके एवज में कमीशन लेती है।
जांच में पाया गया कि आरोपी महिला युवकों से राशि लेकर अपने घर में कमरा उपलब्ध कराती थी, जहाँ युवतियों के माध्यम से वैश्यावृत्ति का संचालन किया जाता था। इस पूरे कार्य से वह अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमा रही थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर श्री राहुल बंसल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में महिला आरक्षक सरला टोप्पो, निक्की मिश्रा, आरक्षक अतुल सिंह और विकास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
