कांग्रेस नेता की संदिग्ध हालात में जलकर मौत….पूर्व जनपद सदस्य पुसऊ राम दुग्गा के कमरे में लगी आग, हार्ट अटैक की आशंका – जांच जारी
भानुप्रतापपुर। क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। पूर्व जनपद सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पुसऊ राम दुग्गा की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्हें संभवतः रात में हार्ट अटैक आया होगा, जिसके बाद तड़पने के दौरान पास में जल रहे अलाव से बिस्तर में आग लग गई, और इसी में उनकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, बीती रात पुसऊ राम दुग्गा को सीने में दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उन्होंने परिवार वालों से मालिश करवाई। ठंड से बचाव के लिए उन्होंने बिस्तर के पास अलाव जलाकर रखा था। देर रात अचानक कमरे में सामान जलने की आवाज सुनकर अन्य कमरे में सो रहे परिजन पहुंचे तो देखा कि पूरा बिस्तर जल चुका था और पुसऊ राम दुग्गा का शरीर आग की चपेट में था।
परिजनों ने तुरंत आग बुझाकर पुलिस को सूचना दी। भानुप्रतापपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सकेगा।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत आग से हुई या पहले हृदयाघात से। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेता के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
