राज्य में पदस्थ IAS अफसरों को केंद्रीय मंत्रालयों में मिली जिम्मेदारी
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति में IAS अफसरों को सचिव और निदेशक के पद पर नियुक्ति, पांच वर्ष या अगले आदेश तक कार्यभार संभालेंगे
रायपुर। केंद्र सरकार ने विभिन्न अहम विभागों में राज्यों के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और अन्य अखिल भारतीय सेवा (All India Services) से जुड़े अफसरों की तैनाती की घोषणा की है। करीब आधा दर्जन IAS अफसरों को सेंट्रल डेपुटेशन के तहत मंत्रालयों में सचिव और निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है।
आदेश के अनुसार, 2009 बैच के आईआरएस विनय शील गौतम को सहकारिता मंत्रालय, नई दिल्ली में निदेशक के रूप में पदस्थ किया गया है। उन्हें केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत कार्यभार सौंपा गया है और यह भूमिका वह पाँच वर्ष या अगले आदेश तक निभाएंगे, जो भी पहले हो। आदेश में कहा गया है कि उन्हें तुरंत नया कार्यभार ग्रहण करने का अनुरोध किया गया है।
इसी प्रकार, भूपिंदर कुमार, आईएएस (AGMUT:2011) को पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, दिल्ली में निदेशक नियुक्त किया गया है। वह भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के तहत पाँच वर्ष या अगले आदेश तक कार्यभार संभालेंगे।
इसके अतिरिक्त, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने देबाश्री मुखर्जी, आईएएस (AGMUT:1991) को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) में सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। यह कार्यभार वह 8 नवंबर से 16 नवंबर 2025 तक संभालेंगी, जब तक सुभाष चंद्र लाल दास (IAS, AGMUT:1992) अवकाश पर रहेंगे।
इस तैनाती से राज्यों के IAS अफसरों को केंद्र सरकार में अनुभव और जिम्मेदारी का विस्तार मिलेगा और मंत्रालयों के सुचारू संचालन में योगदान दिया जाएगा।
