अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
सारंगढ़ और बरमकेला क्षेत्र में 615 बोरी धान जब्त, व्यापारियों में मचा हड़कंप

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध रूप से धान भंडारण और खरीदी पर रोक लगाने प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर मंडी समिति और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए कुल 615 बोरी धान (लगभग 245 क्विंटल) जब्त किया है। यह कार्रवाई मंडी अधिनियम के तहत की गई।

पहली कार्रवाई मंडी समिति जांच दल द्वारा चंद्रा ट्रेडर्स उलखर और भोजराम साहू कुधरी के गोदामों में की गई, जहां 482 बोरी (192.80 क्विंटल) धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। मंडी अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल जब्ती की कार्रवाई की गई और संबंधित व्यापारियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया।

इस टीम में मंडी सचिव राजेन्द्र कुमार ध्रुव, अधिकारी प्रीति तिर्की, अंजू दिनकर, धवेंद्र कुमार साहू और जगदीश बरेठ शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि व्यापारी बिना अनुमति और पंजीकरण के मंडी क्षेत्र से बाहर धान भंडारण कर रहे थे।

इसी प्रकार, दूसरी कार्रवाई बरमकेला तहसील के ग्राम सोनबला में की गई, जहां राजस्व विभाग एवं मंडी समिति की संयुक्त टीम ने नरेश सिदार के निवास से 133 बोरी धान जब्त किया। मौके पर ही जब्ती कार्यवाही कर नमूने लेकर रिपोर्ट तैयार की गई। इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार मोहन साहू और मंडी विभाग के कर्मचारी शामिल रहे।

कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने स्पष्ट कहा कि खरीदी सीजन के दौरान किसी भी व्यापारी या व्यक्ति को अवैध भंडारण या अनाधिकृत खरीदी की अनुमति नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से व्यापारियों और किसानों में हड़कंप मचा हुआ है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में जिले की अन्य मंडियों और गोदामों में भी इसी तरह की जांच जारी रहेगी ताकि सरकारी खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

You missed