वायशेप ब्रिज पर ई-रिक्शा पलटा, युवती की मौत
दुर्ग। वायशेप ब्रिज पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक ई-रिक्शा हादसा हुआ, जिसमें 18 वर्षीय नेहा पटनायक की मौत हो गई। रिक्शा पलटने से उसका सिर गंभीर रूप से चोटिल हुआ। हादसे में उसकी मां उषा पटनायक (45) भी घायल हुईं।
जानकारी के अनुसार, नेहा और उनकी मां मालवीय नगर चौक से ई-रिक्शा में बैठकर मॉडल टाउन जा रही थीं। ब्रिज पर जाने के दौरान वाहन पलट गया। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही यातायात हाइवे पेट्रोलिंग, सुपेला पुलिस और स्मृति नगर थाना की टीम मौके पर पहुंची। राहगीरों ने दोनों को चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नेहा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब फरार चालक की तलाश कर रही है।
